12/08/2026
शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुक्रम में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, फिरोजाबाद के महाविद्यालय परिसर में दिनांक 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन बड़े ही हर्षाेल्लास और देशभक्तिपूर्ण वातावरण में किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 11 अगस्त 2026 को महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में परिसर में विविध गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रमों की श्रृंखला में चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के समस्त विभागाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने विभागों में संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के साथ मिलकर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का सामूहिक एवं गरिमामय गायन कराया गया। राष्ट्रभक्ति के इस स्वर से पूरा चिकित्सा महाविद्यालय परिसर गुंजायमान हो उठा। भव्य तिरंगा रैली का आयोजन सामूहिक गायन के तत्पश्चात महाविद्यालय एवं चिकित्सालय परिसर में एक भव्य तिरंगा यात्रा/रैली निकाली गई। हाथों में शान से लहराता राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर सभी प्रतिभागी देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। प्रभारी अधिकारी (चिकित्सा महाविद्यालय परिसर) डॉ. नितिन तिवारी, प्रभारी अधिकारी (चिकित्सालय परिसर) डॉ. राजीव निषाद के कुशल प्रबंधन में आयोजित इस तिरंगा रैली में महाविद्यालय के समस्त चिकित्सा शिक्षक, चिकित्सक, सीनियर रेजिडेंट, जूनियर रेजिडेंट, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इसके साथ ही पूर्व सैनिक कल्याण निगम के कार्मिकों ने भी पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ रैली में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल ने कहा, हर घर तिरंगा अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और अमर शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि एवं सम्मान का प्रतीक है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हर नागरिक और भावी डॉक्टरों को अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा आगामी दिनों में 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले अन्य कार्यक्रमों में भी इसी प्रकार बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया।