25/08/2026
उत्तराखण्ड राजकीय पॉलिटेक्निक, बछेलीखाल में क्लाउड कम्प्यूटिंग और Career opportunities विषय पर Workshop cm व्याख्यान का आयोजन
उत्तराखण्ड राजकीय पॉलिटेक्निक, बछेलीखाल के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आज विद्यार्थियों के लिए “Cloud Computing,Career opportunities in clo Computing ” विषय पर एक विशेष कार्यशाला कम व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सतवीर, सहायक प्राध्यापक उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड सरकार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
डॉ. सतवीर वर्तमान में राजकीय व्यावसायिक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बनास (पैठाणी), पौड़ी गढ़वाल में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। अपने व्याख्यान में उन्होंने क्लाउड कम्प्यूटिंग की मूलभूत अवधारणाओं, इसके विभिन्न सेवा मॉडल (IaaS, PaaS, SaaS), Amazon Web Services (AWS) सहित आधुनिक क्लाउड प्लेटफॉर्मों तथा उद्योगों में इनके बढ़ते उपयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में क्लाउड कम्प्यूटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), मशीन लर्निंग तथा साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्र रोजगार एवं शोध की अपार संभावनाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नई तकनीकों के अध्ययन, कौशल विकास तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. सतवीर के पास शिक्षण, शोध, शैक्षणिक प्रशासन एवं गुणवत्ता आश्वासन के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है। उन्होंने प्रतिष्ठित SCI, Scopus एवं Web of Science सूचीबद्ध शोध पत्रिकाओं में 25 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए हैं। वे तीन पीएच.डी. शोधार्थियों का सफलतापूर्वक मार्गदर्शन कर चुके हैं तथा अनेक स्नातकोत्तर शोध परियोजनाओं का निर्देशन भी कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने IQAC एवं NAAC संबंधी गतिविधियों के समन्वयक के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने क्लाउड कम्प्यूटिंग एवं करियर अवसरों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. सतवीर ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर दिया। व्याख्यान अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा तथा विद्यार्थियों ने इसे अपने भविष्य के लिए उपयोगी बताया।
संस्था प्रधानाचार्या श्रीमती नर्मदा सिंह ने डॉ. सतवीर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यान विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान, नवाचार क्षमता एवं करियर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में संस्था के समस्त अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।