22/08/2026
एसएनएमसी आगरा में रचा गया इतिहास: पहला सफल किडनी प्रत्यारोपण संपन्न
आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी), आगरा में आज चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित करते हुए पहला सफल किडनी प्रत्यारोपण (गुर्दा प्रत्यारोपण) संपन्न हुआ। क्रॉनिक किडनी डिजीज से पीड़ित और लंबे समय से डायलिसिस पर चल रहे एक 32 वर्षीय मरीज को उनकी पत्नी ने अपनी किडनी दान देकर नया जीवन दिया।
यह जटिल और जीवनरक्षक प्रत्यारोपण मुख्यमंत्री असाध्य रोग उपचार योजना के अंतर्गत प्राप्त वित्तीय सहायता से संभव हो सका, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीज को भी यह उच्चस्तरीय उपचार सुलभ हो पाया।
यह प्रत्यारोपण संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), लखनऊ की विशेषज्ञ टीम के मार्गदर्शन और एसएनएमसी आगरा की समर्पित स्थानीय टीम के संयुक्त प्रयास से सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह जटिल सर्जरी सुबह 9:30 बजे शुरू होकर दोपहर 3:00 बजे तक सफलतापूर्वक चली।
इस ऐतिहासिक सफलता पर एसएनएमसी के प्रधानाचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता जी ने बताया कि यह एसएन मेडिकल कॉलेज एवं पूरे आगरा मंडल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। स्थानीय स्तर पर ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलेगा। मैं इस सफलता के लिए एसएनएमसी की पूरी टीम को बधाई देता हूँ और एसजीपीजीआई लखनऊ की टीम का उनके बहुमूल्य सहयोग व मार्गदर्शन के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।"
मरीज और डोनर की स्थिति:
नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. अपूर्व जैन ने जानकारी दी कि सर्जरी के बाद मरीज और किडनी दानकर्ता (पत्नी) दोनों की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और वे तेजी से रिकवर कर रहे हैं। किडनी प्राप्तकर्ता मरीज़ की किडनी ने अच्छी तरह से काम करना शुरू कर दिया है।
प्रत्यारोपण में शामिल प्रमुख विशेषज्ञ टीम:
एसजीपीजीआई लखनऊ टीम:
यूरोलॉजी / गुर्दा प्रत्यारोपण: डॉ. एमएस अंसारी, डॉ. संजय कुमार सुरेका, डॉ. आशीष रंजन
नेफ्रोलॉजी: डॉ. मानस रंजन बेहरा
एनेस्थीसिया: डॉ. तपस कुमार सिंह, डॉ. बोनचनपल्ली मोहन कुमार
नर्सिंग स्टाफ: सोसाकुट्टी विल्सन, विजय कुमार, आकांक्षा गौतम
एसएनएमसी आगरा टीम:
नेफ्रोलॉजी विभाग: डॉ. अपूर्व जैन (विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर), डॉ. मुदित खुराना, डॉ. कैरवी भारद्वाज
यूरोलॉजी विभाग: डॉ. प्रशांत लवानिया, डॉ. अंकुश गुप्ता, डॉ. विजय त्यागी, डॉ. प्रदीप देब, डॉ. अभिषेक पाठक
एनेस्थीसिया विभाग: डॉ. योगिता द्विवेदी, डॉ. अर्चना अग्रवाल, डॉ. राजीव पुरी, डॉ. अतिहर्ष मोहन, डॉ. प्रवीण पांडेय
स्थानीय स्तर पर मिलेगी बड़ी राहत:
एसएनएमसी में इस अत्याधुनिक सुविधा की शुरुआत के साथ ही अब आगरा एवं आसपास के जिलों के मरीजों को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दिल्ली, लखनऊ या जयपुर जैसे बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे मरीजों का आर्थिक बोझ कम होगा और समय पर समुचित उपचार मिल सकेगा।