12/06/2020
आज मैं एक बड़े मेडिकल स्टोर से अपने लिए मास्क ख़रीदने गया ।
मैं मेडिकल जाते समय मास्क कार में रखना भूल गया था तो सोचा ख़रीद लूं ।।
मैंने जब 5 मास्क मांगे तो तुरंत उन्होंने एक पैकेट में हाथ डालकर खुले मास्क निकाल कर मुझे दे दिए ।
मुझे मास्क देने के पहले उन्होंने एक अन्य मरीज़ से नोट लेकर गिने थे और दराज़ खोल कर दराज़ में नोट रखे थे ।
स्टोर के अन्य लड़के भी इस तरह दवा पैकेट में रखना , दवा देना मास्क देना, पैसे लेना जैसे कार्य कर रहे थे ।
लेकिन हर नए स्पर्श के बाद वे सैनिटाइजर इस्तमाल करते नहीं दिखे ।
इस तरह मुझे जो खुले मास्क, हाथ से निकाल कर एक अन्य पैकेट में रख कर उन्होंने दिए, वे मास्क यदि संक्रमित हों तो भी, मैं उन्हें सीधे मुँह और नाक में पहन लूंगा और , मुझे
संक्रमित होने का खतरा रहेगा।
साथ ही समझना होगा कि, मेडिकल स्टोर क्योंकि मरीजों से लेन देन कर रहे होते हैं तो संक्रमण का खतरा अधिक होता है ।
इस तरह की गलती अस्पतालों में इंचार्ज सिस्टर भी मास्क डॉक्टर्स और अन्य स्टाफ को देते समय अनभिज्ञता में करती हैं ।
क्या करना चाहिए :
1 .आदर्श स्थिति यह है कि बिना खुले पैकेट को खरीदा जाए
भले उसमें 10 या 100 मास्क हों ।
और उस पैकेट को कुछ घंटों बाद ही खोला जाए सावधानीपूर्वक । पैकेट खोलने के बाद हाथ धोएं या सैनिटाइजर का उपयोग करें तभी मास्क पहनें ।
महंगे मास्क सिंगल भी पैक्ड ही मिलते हैं । लेकिन वे आमजन के लिए आवश्यक नहीं
2. यदि फुटकर , खुले मास्क लेना ही पड़े तो मास्क देने वाले को चाहिए कि वह अपने हाथ sanitizer से पहले साफ करे । मास्क लेने वाला उस खरीदे मास्क को 2 घंटे धूप में रख दे तो बेहतर ।
3. इस तरह के मास्क खरीदने और पहनने से कहीं बेहतर साफ कपड़े से मुँह नाक ढंकना या घर में कपड़े से बने मास्क का उपयोग करना होगा ।
4. N 95 मास्क को अधिकतम छः घंटे के उपयोग के बाद
एक पैकेट में रखा जा सकता है । फिर इस मास्क को पांचवे दिन के बाद आप फ़िर से उपयोग कर सकते हैं।
इस तरह से पुनः उपयोग आप एक मास्क का 5 बार कर सकते हैं।
यदि आपके पास 5 मास्क हैं तो यह 25 बार के लिए उपयोग हो जाएगा । हालांकि आम लोगों के लिए N95 की आवश्यकता नहीं है ।
इस तरह का उपयोग डॉक्टर, नर्स को करना है ।
मास्क के पांचवें सायकल के बाद उसे सही ढंग से डिस्पोज़ कर देना होगा ।
5. मास्क हमेशा नाक तक ढंक कर पहनें और बात करते समय नीचे न करें ।
बहुत से लोग नाक पर मास्क नहीं लगाते जो कि ग़लत है ।
साथ ही मास्क पहनने का अर्थ यह नहीं कि दूरी का ध्यान न रखें ।
मास्क के बावजूद दूर से बात करें ।
मेरे ओपीडी पर आने वाले कुछ लोग मास्क पहन कर अंदर आते हैं और मुझे सम्मान देने मास्क नीचे कर बात करने लगते हैं । ऐसे में वे सम्मान के साथ कोरोना भी भेंट कर सकते हैं या ग्रहण भी ।
कभी कोई पास आ ही जाए तो बात न करें , दूसरी ओर चेहरा कर लें ।
यह वायरस बात करने , हंसने से भी फैलता है ।
इस तरह की सामान्य किंतु अहम जानकारियां अपने परिवारजन , बच्चों इत्यादि तक पंहुचाईये ।
मास्क हमारे जीवन का हिस्सा अब लंबे समय रहेंगे , जब हम
शर्ट इन करना , साड़ी पहनना , टाई पहनना जैसी चीजें
कभी न कभी सीखते हैं तो ज़रा सा प्रयास और जानकारी मास्क सही ढंग से पहनने पर भी ।
आख़िरकार यह हमारे एवं औरों के लिए एवं देश के लिए जीवन रक्षक है ।