05/06/2026
• आयुर्वेद एवं आधुनिक विज्ञान के समन्वय को नई दिशा
• पतंजलि अनुसंधान संस्थान और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के मध्य महत्वपूर्ण समझौता
भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय की दिशा में आगे बढ़ते हुए पतंजलि अनुसंधान संस्थान ने राष्ट्र निर्माण एवं वैश्विक स्वास्थ्य कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन करते हुए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के साथ हाथ मिलाया है। यह समझौता दोनों संस्थानों के मध्य शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं अनुसंधान सहयोग को सुदृढ़ करने, ज्ञान एवं संसाधनों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने तथा भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद के वैज्ञानिक एवं नैदानिक अनुसंधान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है।
यह समझौता ऐसे समय में हुआ है जब विश्वभर में पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों की वैज्ञानिक स्वीकार्यता एवं साक्ष्य-आधारित स्वास्थ्य समाधानों की आवश्यकता निरंतर बढ़ रही है। भारत की प्राचीन आयुर्वेदिक ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान की कसौटी पर परखते हुए उसे वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था का प्रभावी अंग बनाने की दिशा में यह साझेदारी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।
भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा केवल सांस्कृतिक धरोहर नहीं है, अपितु यह मानवता के कल्याण का वैज्ञानिक आधार भी है। आयुर्वेद एवं भारतीय सनातन ज्ञान को आधुनिक वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप प्रमाणित कर वैश्विक समाज तक पहुंचना आज के समय की आवयश्कता है। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के साथ यह साझेदारी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
यह समझौता युवा वैज्ञानिकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा के वैज्ञानिक अध्ययन एवं वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान हेतु प्रेरित करेगा। साथ ही भारतीय चिकित्सा पद्धति एवं जैव-चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में यह साझेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। पतंजलि अनुसंधान संस्थान और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की संयुक्त विशेषज्ञता से उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा मिलेगा जिसका लाभ समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचेगा।
पतंजलि का उद्देश्य आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा से संबंधित ज्ञान को आधुनिक विज्ञान की कसौटी पर स्थापित करना है। पिछले वर्षों में संस्थान द्वारा अनेक उच्च स्तरीय शोध प्रकाशित किए गए हैं, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर आयुर्वेद की विश्वसनीयता को मजबूत किया है।
यह समझौता अनुसंधान, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में नए अवसरों का सृजन करेगा एवं संयुक्त शोध परियोजनाएं, शोधार्थी आदान-प्रदान, वैज्ञानिक प्रकाशन तथा अनुसंधान प्रशिक्षण कार्यक्रम इस सहयोग की प्रमुख विशेषताएं होंगी।
पतंजलि अनुसंधान संस्थान और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के मध्य हुआ यह समझौता न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देगा, बल्कि “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना के अनुरूप मानवता के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए भी दूरगामी परिणाम प्रदान करेगा।
Acharya Bal Krishna Acharya Bal Krishna Patanjali Yogpeeth, Haridwar Gautam Buddha University