27/07/2020
दोस्तों आज आपको सर्दी-जुकाम ,फ्लू और कोरोना के बारे में बताऊंगा ,टाइम हो तो पढियेगा जरूर।
सर्दी-जुकाम (सामान्य ठंड )
सर्दी-जुकाम (सामान्य ठंड) वायरल इंफेक्शन के कारण सांस नली को प्रभावित करते हैं। बुखार, सिर दर्द, खांसी और नाक बहना या बंद रहना, छींकना, गले में खराश, आंखों से आंसू बहना, सांस लेने में परेशानी होना, थकान महसूस करना, कम भूख लगना आदि सर्दी-जुकाम के प्रमुख लक्षण हैं। यह 5 से 7 दिन में खुद ही ठीक हो जाता है। इसमें भाप, नमक के पानी के गरारे से फायदा पहुंचता है। डॉक्टर से जरूर संपर्क में रहे।
फ्लू
यह खासकर सर्दी के मौसम की शुरुआत में होता है। सर्दी, छींक, खांसी, गले में दर्द, बदन दर्द व बुखार इसके सामान्य लक्षण हैं। यह भी वायरल है, पर इसमें स्थिति सामान्य जुकाम की तुलना में अधिक गंभीर होती है। तेज बुखार और सिरदर्द होता है, निमोनिया की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। इसका असर देर तक रहता है। यद्यपि फ्लू के कोई गंभीर खतरे नहीं होते, पर ‘दमा’ व ‘सीओपीडी’ के मरीजों को फ्लू के बाद सांस फूलने के तेज दौरे पड़ने की संभावना रहती है। कोरोना में भी लगभग ऐसे ही लक्षण होते है इसलिए सतर्क रहे व् डॉक्टर से जरूर संपर्क में रहे।
कोरोना
कोरोना वायरस आपके फेफड़ों को संक्रमित करता है। इसके सबसे सामान्य लक्षण हैं बुख़ार आना, सूखी खांसी आना और थकान महसूस होना।
इस वायरस के कारण शरीर का तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है जिस कारण व्यक्ति का शरीर गर्म हो सकता है और उसे ठंडी महसूस हो सकती है। व्यक्ति को शरीर में कंपकंपी भी महसूस हो सकती है। इसके कारण शरीर में दर्द, गले में खराश, सिरदर्द, डायरिया और शरीर पर चकत्ते या रैशेज़ भी हो सकते हैं। एक शोध के अनुसार कुछ खाने पर स्वाद महसूस न होना और किसी चीज़ की गंध का महसूस न होना भी कोरोना वायरस का लक्षण हो सकता है। सांस ना आना या सांस टूटना, सीने में दर्द या फिर दबाव महसूस होना और बोलने में असमर्थ हो जाना इसके गंभीर लक्षण हैं। माना जा रहा है कोरोना वायरस के लक्षण दिखना शुरू होने में औसतन पांच दिन का वक्त लग सकता है लेकिन कुछ लोगों में ये वक्त कम भी हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार वायरस के शरीर में पहुंचने और लक्षण दिखने के बीच 14 दिनों तक का समय हो सकता है। डॉक्टर से जरूर संपर्क में रहे।
आपको यदि इनमे से कोई भी परेशानी है तो हमारे सेंटर कांधल मैडिकल में संपर्क करें।