19/07/2026
सरकाघाट में पहली बार निःशुल्क PAP Smear Test एवं महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन, 80 महिलाओं ने उठाया लाभ
सरकाघाट, 19 जुलाई 2026।
आस्था मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, चक्कर मंडी द्वारा रोपा कॉलोनी, सरकाघाट में पहली बार महिलाओं के लिए निःशुल्क PAP Smear Test एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस प्रकार का शिविर सरकाघाट क्षेत्र में पहली बार आयोजित किया गया, जिसे महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपनाया।
शिविर में 80 महिलाओं का PAP Smear Test, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा स्त्री रोग संबंधी परामर्श किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की समय रहते पहचान, जागरूकता बढ़ाना तथा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर का नेतृत्व वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वंदना जग्गी चंदेल ने किया। उन्होंने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, सर्वाइकल कैंसर से बचाव, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर कराया गया PAP Smear Test कई गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
यह शिविर डॉ. वंदना जग्गी चंदेल का समाज सेवा को समर्पित 32वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर था। इससे पहले भी उन्होंने मंडी, सुंदरनगर, गोहर, जंजैहली, धर्मपुर और सरकाघाट सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर हजारों महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ और जागरूकता प्रदान की है।
आस्था मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और समय पर जांच की सुविधा पहुंच सके।