Mera Shiv Baba

Call Directions

Mera Shiv Baba Om Shanti

18-11-2026        प्रात:मुरली    ओम् शान्ति     "बापदादा"        मधुबन“मीठे बच्चे - तुम्हें मन्सा-वाचा-कर्मणा एक्यूरेट ब...
17/11/2026

18-11-2026 प्रात:मुरली ओम् शान्ति "बापदादा" मधुबन

“मीठे बच्चे - तुम्हें मन्सा-वाचा-कर्मणा एक्यूरेट बनना है, क्योंकि तुम देवताओं से भी ऊंच ब्राह्मण चोटी हो''

प्रश्नः-
सबसे गुप्त और महीन बात कौन सी है जो बच्चे भी मुश्किल ही समझ सकते हैं?

उत्तर:-
शिवबाबा और ब्रह्मा बाबा का भेद समझना - यह सबसे गुप्त और महीन बात है। इसमें कई बच्चे मूँझ जाते हैं। यह राज़ स्वयं बाप बतलाते हैं कि मैं सवेरे-सवेरे इस तन द्वारा तुम बच्चों को पढ़ाता हूँ, बाकी ऐसे नहीं कि मैं कोई सारा दिन इन पर सवारी करता हूँ।

ओम् शान्ति।
रूहानी बाप रूहानी बच्चों को समझाते हैं। बच्चे कौन हैं? ब्राह्मण। यह कभी भूलो मत कि हम ब्राह्मण हैं, देवता बनने वाले हैं। वर्णों को भी याद करना होता है। यहाँ तुम आपस में ब्राह्मण ही ब्राह्मण हो। ब्राह्मणों को बेहद का बाप पढ़ाते हैं। यह ब्रह्मा नहीं पढ़ाते हैं। शिवबाबा पढ़ाते हैं। ब्रह्मा द्वारा ब्राह्मणों को ही पढ़ाते हैं। शूद्र से ब्राह्मण बनने बिना देवता बन नहीं सकते। वर्सा तो शिवबाबा से मिलता है। शिवबाबा तो सभी का बाप है। इस ब्रह्मा को ग्रैन्ड फादर कहा जाता है। लौकिक बाप तो सबको होते ही हैं। पारलौकिक बाप को भक्ति मार्ग में याद करते हैं। अब तुम बच्चे समझते हो - यह अलौकिक बाप है, जिसको कोई नहीं जानते हैं। भल ब्रह्मा का मन्दिर है। यहाँ भी प्रजापिता आदि देव का मन्दिर है। उनको महावीर भी कहते हैं, कोई दिलवाला भी कहते हैं। परन्तु वास्तव में दिल लेने वाला है शिवबाबा, न कि ब्रह्मा। सभी आत्माओं को सदा सुखी करने वाला, खुशी देने वाला एक ही बाप है। यह भी सिर्फ तुम बच्चे ही जानते हो। दुनिया में तो मनुष्य कुछ भी नहीं जानते। हम ब्राह्मण ही शिवबाबा से वर्सा ले रहे हैं। तुम भी घड़ी-घड़ी भूल जाते हो। याद है बड़ी सहज। योग अक्षर संन्यासियों ने रखा है। तुम तो बाप को याद करते हो। योग तो कॉमन अक्षर है, इनको योग आश्रम भी नहीं कहेंगे। बच्चे और बाप बैठे हैं। बच्चों का फ़र्ज है - बेहद के बाप को याद करना। हम ब्राह्मण हैं, दादे से वर्सा लेते हैं ब्रह्मा द्वारा इसलिए शिवबाबा कहते हैं - जितना हो सके याद करते रहो। चित्र भी भल याद रखो। याद तो रहेगी, हम ब्राह्मण हैं, बाप से वर्सा लेते हैं। ब्राह्मण कब अपनी जाति को भूलते हैं क्या? तुम शूद्रों के संग में आने से ब्राह्मणपना भूल जाते हो। ब्राह्मण तो देवताओं से भी ऊंच हैं क्योंकि तुम ब्राह्मण नॉलेजफुल हो। भगवान को जानी-जाननहार कहते हैं ना। इसका अर्थ यह नहीं कि सबके दिल में क्या है - वह बैठ देखता है। नहीं, उनको सृष्टि के आदि मध्य अन्त की नॉलेज है। वह बीजरूप है। बीज झाड़ के आदि मध्य अन्त को जानते हैं। तो ऐसे बाप को बहुत-बहुत याद करना है। इनकी आत्मा भी उस बाप को याद करती है। वह बाप कहते हैं - यह (ब्रह्मा) भी मुझे याद करेंगे तब यह पद पायेंगे। तुम भी याद करेंगे तो पद पायेंगे। पहले-पहले तुम बिना शरीर (अशरीरी) आये थे। फिर अशरीरी बनकर वापिस जाना है। और सब देह के सम्बन्धी तुमको दु:ख देने वाले हैं, उनको क्यों याद करते हो! जबकि मैं तुमको मिला हूँ। मैं तुमको नई दुनिया में ले जाने आया हूँ। वहाँ कोई दु:ख नहीं। वह है दैवी सम्बन्ध। यहाँ पहले दु:ख होता है - स्त्री और पुरुष के सम्बन्ध में, क्योंकि विकारी बनते हैं। तुमको मैं अब उस दुनिया के लायक बनाता हूँ, जहाँ विकार की बात ही नहीं रहती। यह काम महाशत्रु गाया हुआ है, जो आदि मध्य अन्त दु:ख देते हैं। क्रोध के लिए ऐसे नहीं कहेंगे कि यह आदि मध्य अन्त दु:ख देते हैं। नहीं, काम को जीतना है, वही आदि मध्य अन्त दु:ख देते हैं। पतित बनाते हैं। पतित अक्षर विकार पर पड़ता है। इस दुश्मन पर जीत पानी है। तुम जानते हो हम सतयुग के देवी-देवता बन रहे हैं। जब तक यह निश्चय नहीं तब तक कुछ पा नहीं सकेंगे।

बाप समझाते हैं - बच्चों को मन्सा-वाचा-कर्मणा एक्यूरेट बनना है। मेहनत है। दुनिया में यह किसको भी पता नहीं कि तुम भारत को स्वर्ग बनाते हो। आगे चलकर समझेंगे, चाहते भी हैं कि वन वर्ल्ड, वन राज्य, वन रिलीजन, वन भाषा हो। तुम समझा सकते हो - आज से 5 हजार वर्ष पहले एक राज्य, एक धर्म था, जिसको स्वर्ग कहा जाता है। रामराज्य, रावणराज्य को भी कोई नहीं जानते। तुम भी नहीं जानते थे। अब तुम स्वच्छ बुद्धि बने हो, नम्बरवार पुरुषार्थ अनुसार। बाप बैठ तुमको समझाते हैं तो जरूर बाप की मत पर चलो। बाप कहते हैं - पुरानी दुनिया में रहते कमल फूल समान पवित्र रहो। मुझे याद भी करते रहो। बाप आत्माओं को समझाते हैं। आत्माओं को ही पढ़ाने आया हूँ, इन आरगन्स द्वारा। यह तो पुरानी छी-छी दुनिया, छी-छी शरीर है। तुम ब्राह्मण पूजा के लायक नहीं हो, गायन लायक हो। पूजन लायक देवतायें हैं। तुम श्रीमत पर विश्व को स्वर्ग बनाते हो इसलिए तुम्हारा गायन है, पूजा नहीं हो सकती। गायन जरूर तुम ब्राह्मणों का है, न कि देवताओं का। बाप तुमको ही शूद्र से ब्राह्मण बनाते हैं। देवताओं की आत्मा और शरीर दोनों पवित्र हैं। अब तुम्हारी आत्मा पवित्र होती जाती है। शरीर पवित्र नहीं है। अब तुम ईश्वर की मत पर भारत को स्वर्ग बना रहे हो। तुम भी स्वर्ग के लायक बन रहे हो। सतोप्रधान जरूर बनना है। सिर्फ तुम ब्राह्मण ही हो जिसको बाप बैठ पढ़ाते हैं। ब्राह्मणों का झाड़ वृद्धि को पाता रहेगा। ब्राह्मण जो पक्के बन जायेंगे वही जाकर देवता बनेंगे। यह नया झाड़ है, माया के तूफान भी लगते हैं। सतयुग में कोई तूफान नहीं लगेगा। यहाँ माया बाबा की याद में रहने नहीं देती है। हम जानते हैं बाबा की याद से ही तमोप्रधान से सतोप्रधान बने हैं। सारा मदार है याद पर। भारत का प्राचीन योग भी मशहूर है ना। विलायत वाले चाहते हैं, प्राचीन योग आकर कोई सिखाये।

अब योग दो प्रकार का है - एक हैं हठयोगी, दूसरे हैं राजयोगी। तुम हो राजयोगी। वह तो बहुत दिन से चले आते हैं। राजयोग का अब तुमको पता पड़ा है। संन्यासी क्या जानें राजयोग से। बाप ने आकर बताया है - राजयोग मैं ही आकर सिखाता हूँ, श्रीकृष्ण तो सिखला न सके। यह भारत का ही प्राचीन योग है, सिर्फ गीता में मेरे बदले श्रीकृष्ण का नाम डाल दिया है। कितना फ़र्क हो गया है। शिव जयन्ती होती है तो तुम्हारे वैकुण्ठ की भी जयन्ती होती है, जिसमें श्रीकृष्ण का राज्य है। तुम जानते हो शिवबाबा की जयन्ती है तो गीता की भी जयन्ती है, वैकुण्ठ की भी जयन्ती हो रही है। तुम पवित्र बन जायेंगे, कल्प पहले मुआफिक स्थापना हो रही है तो शिवबाबा की जयन्ती सो स्वर्ग की जयन्ती, बाबा ही आकर स्वर्ग की स्थापना करते हैं। अब बाप कहते हैं मुझे याद करो। याद न करने से माया कुछ न कुछ विकर्म करा देती है। याद नहीं किया और लगी चमाट। याद में रहने से चमाट नहीं खायेंगे। यह बॉक्सिंग होती है। तुम जानते हो हमारा दुश्मन कोई मनुष्य नहीं है, रावण दुश्मन है। शादी करने के बाद कुमार-कुमारी भी पतित बनने से एक दो के दुश्मन बन जाते हैं। शादी में लाखों रूपये खर्च करते हैं। बाप कहते हैं - शादी है बरबादी। अब पारलौकिक बाप ने आर्डीनेन्स निकाला है कि बच्चे यह काम महाशत्रु है, इन पर जीत पहनो और पवित्रता की प्रतिज्ञा करो। कोई भी पतित न बने। जन्म-जन्मान्तर तुम पतित बने हो इस विकार से, इसलिए काम महाशत्रु कहा जाता है। बाप तो बहुत अच्छी रीति समझाते हैं। तुमने 84 जन्म कैसे लिए हैं। अब वापिस जाना है। तुमको तो बड़ा ही शुद्ध अहंकार होना चाहिए। हम आत्मायें बाप की मत पर चल भारत को स्वर्ग बना रहे हैं। हम ही फिर स्वर्ग में राज्य करेंगे। जितनी मेहनत करेंगे उतना पद पायेंगे। चाहे राजा-रानी बनो, चाहे प्रजा बनो। राजा-रानी कैसे बनते हैं वह भी देख रहे हो। फालो फादर गाया जाता है। वह अब की बात है। लौकिक सम्बन्ध के लिए नहीं कहा जाता है। यह बाप मत देते हैं, मामेकम् याद करो तो विकर्म विनाश होंगे। तुम समझते हो हम अच्छी मत पर चलते हैं, बहुतों की सेवा करते हैं। बच्चे बाप के पास आते हैं तो शिवबाबा भी रिफ्रेश करते हैं तो यह भी रिफ्रेश करते हैं। यह भी तो सीखते हैं ना। शिवबाबा कहते हैं मैं आता हूँ सवेरे को। अच्छा फिर कोई मिलने आते हैं तो क्या यह ब्रह्मा नहीं समझायेंगे। ऐसे कहेंगे क्या कि बाबा आप आकर समझाओ मैं नहीं समझाऊंगा। यह बड़ी गुप्त गुह्य बातें हैं ना। मैं तो सबसे अच्छा समझा सकता हूँ। तुम ऐसे क्यों समझते हो कि शिवबाबा ही समझाते हैं। यह नहीं समझाते होंगे। यह भी जानते हो कल्प पहले इसने समझाया है तब तो यह पद पाया है। मम्मा भी समझाती थी ना। वह भी ऊंच पद पाती है। वहाँ बाबा को सूक्ष्म वतन में देखते हैं तो बच्चों को फॉलो करना है। सरेन्डर होते भी गरीब हैं। साहूकार तो सरेन्डर हो न सकें। गरीब ही कहते हैं - बाबा यह सब कुछ आपका है। शिवबाबा तो दाता है, वह कभी लेता नहीं। बच्चों को कहते हैं यह सब कुछ तुम्हारा है। अपने लिए महल यहाँ या वहाँ नहीं बनाता हूँ। तुमको ही स्वर्ग का मालिक बनाता हूँ। अब इन ज्ञान रत्नों से झोली भरनी है। मन्दिर में जाकर कहते हैं झोली भर दो। परन्तु किस प्रकार की, किस चीज़ की झोली भर दो? अब झोली भरने वाली तो लक्ष्मी है जो पैसा देती है। शिव के पास तो जाते नहीं। श्रीकृष्ण के लिए कहते हैं कि गीता सुनाई। परन्तु श्रीकृष्ण के लिए नहीं कहते झोली भर दो। शंकर के पास जाकर कहते हैं। समझते हैं शिव और शंकर एक हैं। शंकर तो झोली खाली करने वाला है, हमारी झोली तो कोई खाली नहीं कर सकता। विनाश तो होना ही है। गाया हुआ भी है रूद्र ज्ञान यज्ञ से विनाश ज्वाला निकली। परन्तु ऐसे कोई समझते थोड़ेही हैं।

तुम बच्चों को गृहस्थ व्यवहार में भी रहना है। धन्धा भी करना है। बाप हर एक की नब्ज देख राय देते हैं क्योंकि बाप समझते हैं मैं कहूँ और कर न सकें, ऐसी राय ही क्यों दूँ। नब्ज देखकर ही राय देते हैं। इनके पास तो आना पड़े। वह पूरी राय देंगे। सबको पूछना चाहिए - बाबा इस हालत में हमको क्या करना चाहिए! अब क्या करें? बाप स्वर्ग में तो ले जाते हैं। तुम जानते हो हम स्वर्गवासी तो बनने वाले हैं, अब हम नर्कवासी हैं। अब तुम न नर्क में हो, न स्वर्ग में हो। जो-जो ब्राह्मण बनते हैं उनका लंगर इस छी-छी दुनिया से उठ चुका। तुम कलियुगी दुनिया से किनारा अब छोड़ चुके हो। कोई ब्राह्मण तीखा जा रहा है, कोई याद की यात्रा में कम। कोई हाथ छोड़ देते हैं तो घुटका खाकर डूब मरते हैं अर्थात् फिर कलियुग में चले जाते हैं। तुम जानते हो खिवैया अब हमको ले जा रहे हैं। वह यात्रा तो अनेक प्रकार की है। तुम्हारी यात्रा एक ही है, यह बिल्कुल ही न्यारी यात्रा है। हाँ, तूफान आते हैं जो याद को तोड़ देते हैं। इस याद की यात्रा को अच्छी रीति पक्का करो, मेहनत करो। तुम कर्मयोगी हो। जितना हो सके हथ कार डे, दिल यार डे। आधाकल्प से तुम आशिक बन माशूक को याद करते आये हो। बाबा हमको यहाँ बहुत दु:ख है, अब हमको सुखधाम का मालिक बनाओ। याद की यात्रा में रहेंगे तो तुम्हारे पाप खलास हो जायेंगे। तुमने ही स्वर्ग का वर्सा पाया था, अब गँवाया है। भारत स्वर्ग था तब कहते हैं प्राचीन भारत। भारत को बहुत मान देते हैं, सबसे बड़ा भी है, सबसे पुराना भी है। यह तो तुम जानते हो विनाश सामने खड़ा है। जो अच्छी रीति समझते हैं उन्हों के अन्दर में बहुत खुशी रहती है। प्रदर्शनी में कितने आते हैं। अहमदाबाद में देखो कितने साधू-सन्त आदि हर प्रकार के आये। कहते हैं तुम तो सत्य कहती हो। परन्तु हमको बाप से वर्सा लेना है, यह थोड़ेही बुद्धि में बैठता है। यहाँ से बाहर निकले खलास। अभी तुम जानते हो कि बाप हमको स्वर्ग में ले जाते हैं। वहाँ न गर्भ जेल, न वह जेल होगी। फिर कभी जेल का मुँह देखने को नहीं मिलेगा। दोनों जेल नहीं रहेंगी। यहाँ यह सब है माया का पॉम्प। आजकल हर एक बात क्वीक होती है। मौत भी क्वीक होती रहती है। सतयुग में ऐसे कोई उपद्रव होते ही नहीं हैं। यहाँ मौत भी जल्दी, तो दु:ख भी बहुत होंगे। सब खलास हो जायेंगे। सारी धरती नई हो जायेगी। सतयुग में देवी-देवताओं की राजधानी थी, सो जरूर फिर होगी। आगे चल देखना क्या होता है! बहुत भयंकर सीन है। तुम बच्चों ने साक्षात्कार किया है। बच्चों के लिए मुख्य है याद की यात्रा। यह है चढ़ती कला की यात्रा। अच्छा!

मीठे-मीठे सिकीलधे बच्चों प्रति मात-पिता बापदादा का याद-प्यार और गुडमार्निंग। रूहानी बाप की रूहानी बच्चों का नमस्ते।

धारणा के लिए मुख्य सार:-
1) सदा इसी स्मृति में रहना है कि हम ब्राह्मण हैं। हम ब्राह्मणों को ही भगवान पढ़ाते हैं। हम अभी ब्राह्मण सो देवता बन रहे हैं।

2) ज्ञान रत्नों से अपनी झोली भरकर दान करना है। इस कलियुगी पतित दुनिया का किनारा छोड़ देना है। माया के तूफानों से डरना नहीं है।

वरदान:-
बर्थ राईट के नशे द्वारा लक्ष्य और लक्षण को समान बनाने वाले श्रेष्ठ तकदीरवान भव

जैसे लौकिक जन्म में स्थूल सम्पत्ति बर्थ राईट होती है, वैसे ब्राह्मण जन्म में दिव्यगुण रूपी सम्पत्ति, ईश्वरीय सुख और शक्ति बर्थ राईट है। बर्थ राईट का नशा नेचुरल रूप में रहे तो मेहनत करने की आवश्यकता नहीं। इस नशे में रहने से लक्ष्य और लक्षण समान हो जायेंगे। स्वयं को जो हूँ, जैसा हूँ, जिस श्रेष्ठ बाप और परिवार का हूँ वैसा जानते और मानते हुए श्रेष्ठ तकदीरवान बनो।

स्लोगन:-
हर कर्म स्व स्थिति में स्थित होकर करो तो सहज ही सफलता के सितारे बन जायेंगे।

ये अव्यक्त इशारे - ब्रह्मा बाप समान सम्पन्न और सम्पूर्ण स्थिति का अनुभव करो

एक सेकेण्ड में आवाज में आओ और एक सेकेण्ड में आवाज से परे हो जाओ, अभी-अभी आवाज में, अभी-अभी आवाज़ से परे.. जब यह अभ्यास सरल और सहज हो जायेगा तब समझो सम्पूर्णता समीप है। अभी आपकी हर कर्मेन्द्रिय “जी हजूर'' “जी हाज़िर'' करती हुई चले। ऐसे जब आप राज्य अधिकारियों का यह कर्मेन्द्रियां स्वागत अर्थात् सलाम करेंगी तब सम्पन्न व सम्पूर्ण कर्मातीत बन सकेंगे।

05/11/2026

*_06-11-2026 प्रात:मुरलीओम् शान्ति"बापदादा"' मधुबन_*

*_“मीठे बच्चे - यह मंजिल बहुत भारी है इसलिए अपना समय बरबाद न कर सतोप्रधान बनने का पुरुषार्थ करो'',_*

*_प्रश्नः-_* बच्चों की चढ़ती कला न होने का मुख्य कारण क्या है?

*_उत्तर:-_* चलते-चलते थोड़ा भी अहंकार आया, अपने को होशियार समझा, मुरली मिस की, ब्रह्मा बाप की अवज्ञा की तो कभी भी चढ़ती कला नहीं हो सकती। साकार की दिल से उतरा माना निराकार की दिल से भी उतरा।

*_गीत:-लाख जमाने वाले....._*

*_ओम् शान्ति।_*

बच्चों ने गीत सुना। बच्चे कहते हैं कोई भी हमको संशयबुद्धि बनाने के लिए कुछ भी करे हम संशयबुद्धि नहीं बनेंगे। भल कितनी भी उल्टी सुल्टी बातें सुनायेंगे तो भी हम संशयबुद्धि नहीं बनेंगे। श्रीमत पर चलते रहेंगे। बाप रोज़-रोज़ भिन्न-भिन्न प्वाइंटस समझाते रहते हैं। सतयुग में 9 लाख थे। तो जरूर इतने बाकी सब मनुष्य विनाश होंगे। तो बुद्धिवान जो होगा वह इशारे से समझ जायेगा कि बरोबर इस लड़ाई से ही अनेक धर्म विनाश हो एक देवी-देवता धर्म की स्थापना होनी है। जो लायक बनेंगे वही मनुष्य से देवता बनेंगे। बाप के बिना कोई मनुष्य से देवता बना नहीं सकता। तो बच्चों को याद रहना चाहिए कि अब हमको घर जाना है, परन्तु माया घड़ी-घड़ी भुला देती है। यहाँ से अब बाबा को याद कर सतोप्रधान बनना है। कोई भी समय लड़ाई बड़ी हो जाए, नियम थोड़ेही है। कहते भी हैं शायद बड़ी लड़ाई हो भी जाये, जो बन्द भी न हो सके। सभी एक दो में लड़ने लग पड़ेंगे। तो विनाश होने के पहले क्यों न हम याद में रह तमोप्रधान से सतोप्रधान बनने का पुरुषार्थ करें। याद की यात्रा में ही माया विघ्न डालती है इसलिए बाबा रोज़-रोज़ कहते हैं - चार्ट लिखो। मुश्किल कोई 2-4 लिखते हैं। बाकी तो अपने धन्धे-धोरी में ही सारा दिन पड़े हैं। अनेक प्रकार के विघ्नों में पड़े रहते हैं। बच्चों को यह तो मालूम है कि हमको सतोप्रधान जरूर बनना है। तो कहाँ भी रहते पुरुषार्थ करना है। मनुष्यों को समझाने के लिए चित्र आदि भी बनाते रहते हैं क्योंकि इस समय मनुष्य हैं 100 परसेन्ट तमोप्रधान। पहले जब मुक्तिधाम से आते हैं तो सतोप्रधान होते हैं। फिर सतो रजो तमो में आते-आते इस समय सब तमोप्रधान बन गये हैं। सबको बाबा का पैगाम देना है तो बाप को याद करने से तमोप्रधान से सतोप्रधान बनेंगे। विनाश भी सामने खड़ा है। सतयुग में एक ही धर्म था तो बाकी सब निर्वाणधाम में थे। बच्चों को चित्रों पर ध्यान देना चाहिए। बड़े चित्र होने से समझ अच्छी तरह सकेंगे। सबको बाबा का सन्देश देना है। मन्मनाभव का अक्षर मुख्य है अथवा अल्फ और बे इस समझाने में मेहनत कितनी करनी पड़ती है। समझाने वाले भी नम्बरवार हैं, बेहद बाप के साथ लव होना चाहिए। बुद्धि में यह रहना चाहिए कि हम बाबा की सर्विस कर रहे हैं। खुदाई खिदमतगार बनना है। वह लोग अक्षर भल कहते हैं परन्तु अर्थ नहीं समझते। अब बाबा आया है - बच्चों की खिदमत करने। कितना उत्तम देवी-देवता बनाते हैं। आज हम कितने कंगाल बन पड़े हैं। सतयुग में कितने सर्वगुण सम्पन्न बन जायेंगे, यहाँ एक दो में लड़ते-झगड़ते रहते हैं। यह किसको पता नहीं कि विनाश होना है। समझते हैं शान्ति हो जायेगी, बिल्कुल ही घोर अन्धियारे में पड़े हैं। अब उन्हों को समझाने वाला चाहिए। विलायत में भी तो यह नॉलेज दे सकते हो। एक ही बात सभा में बैठ समझाओ कि महाभारी लड़ाई तो नामीग्रामी है, इससे पुरानी दुनिया का विनाश होना है। अभी गॉड़ फादर भी यहाँ है, जरूर वही ब्रह्मा द्वारा स्थापना कर रहे हैं स्वर्ग की। शंकर द्वारा विनाश भी होना है कलियुग का, क्योंकि अभी है संगम। नेचुरल कैलेमिटीज़ भी होनी है। थर्ड वर्ल्ड वार दी लास्ट वार कहते हैं। फाइनल विनाश भी जरूर होना है। अब सबको यह कहना पड़े कि बेहद के बाप को याद करो तो मुक्तिधाम में चले जायेंगे। भल अपने धर्म में रहें तो भी बाबा को याद करने से अपने धर्म में अच्छा पद पा सकते हैं।

तुम जानते हो - बेहद का बाप हमको प्रजापिता ब्रह्मा के तन द्वारा नॉलेज दे रहे हैं फिर औरों को भी समझाना पड़े। चैरिटी बिगेन्स एट होम। आस-पास सबको सन्देश देना है। और धर्म वालों को भी बाबा का परिचय देना है। बाहर वालों को, राजाओं को नॉलेज देनी है। उसके लिए तैयारी करनी चाहिए। बाबा कहते हैं यह मुख्य चित्र जो हैं - त्रिमूर्ति, गोला, झाड़ भी कपड़े पर छप जाएं तो बाहर भी ले जा सकते हो। बड़ा साइज़ नहीं छपे तो दो टुकड़े कर दो। सारा ज्ञान इस त्रिमूर्ति, झाड़ गोले में हैं। सीढ़ी का भी ज्ञान गोले में आ जाता है। सीढ़ी डिटेल में बनाई है तो 84 जन्म कैसे लिए जाते हैं। चक्र में सब धर्म वालों का आ जाता है। सीढ़ी में दिखाते हैं कैसे सतोप्रधान फिर सतो रजो तमो में आते हैं, नीचे उतरते हैं। अब बाबा कहते हैं मामेकम् याद करो। बाबा का सारा दिन ख्याल चलता रहता है। तो कोई नया बड़ा मकान बनायें, उसमें दीवार इतनी बड़ी हो जो उस पर 6X9 फुट साइज़ के चित्र बनाये जायें। कम से कम 12 फुट की दीवार चाहिए। इस समय भाषायें भी बहुत हैं, सब धर्म वालों को समझाना पड़े तो कितनी भाषाओं में बनाना पड़ेगा। इतनी विशाल बुद्धि से युक्ति रचनी चाहिए। सर्विस का शौक रखना चाहिए। खर्चा तो करना ही है। बाकी तुमको भीख माँगने की दरकार नहीं है। आपेही हुण्डी भर जायेगी। ड्रामा में नूँध है। बच्चों की बुद्धि चलनी चाहिए। परन्तु बच्चे कुछ थोड़ा ही करते हैं तो नशा चढ़ जाता है कि हम बहुत होशियार हैं। बाबा कहते हैं - रूपये से 4 आना भी नहीं सीखे हो। कोई दो आना, कोई एक आना, कोई एक पैसे जितना भी मुश्किल सीखे हैं। कुछ भी समझते नहीं। मुरली पढ़ने का भी शौक नहीं। साहूकार प्रजा, गरीब प्रजा सब कुछ यहाँ ही बनना है। कोई तो बाप से अन्जाम (वायदा) कर फिर मुँह काला कर देते हैं। कहते हैं बाबा हार खा ली। बाप कहते हैं - तुम तो प्यादों से भी प्यादे हो, वर्थ नाट ए पेनी। ऐसे क्या पद पायेंगे! अब सूर्यवंशी राजधानी स्थापन हो रही है। जिनको बाबा की याद रहती है, वही खुशी में रहते हैं। सिर्फ यह भी याद रहे कि बाप द्वारा क्या वर्सा ले रहे हैं, तो भी बहुत फायदा है। धारण कर फिर आप-समान बनाना है। बच्चों से सर्विस पहुँचती नहीं है। थोड़ी सर्विस की तो समझते हैं हम पास हो गये। देह-अभिमान में आकर गिर पड़ते हैं। अगर बाबा (ब्रह्मा) की बेअदबी की तो शिवबाबा कहते हैं - गोया मेरी बेअदबी की। बापदादा दोनों इकट्ठे हैं ना। ऐसे नहीं हमारा तो शिवबाबा से कनेक्शन है, अरे वर्सा तो इन द्वारा मिलेगा ना। इनको दिल का समाचार सुनाना है। राय लेनी है। शिवबाबा कहते हैं हम साकार द्वारा राय देंगे। ब्रह्मा के बिना शिवबाबा से वर्सा कैसे लेंगे। बाप के बिना कुछ काम हो न सके इसलिए बच्चों को बहुत-बहुत सम्भाल रखनी है। उल्टे अहंकार में आकर अपनी बरबादी कर देते हैं। साकार की दिल से उतरे तो निराकार की दिल से भी उतर जाते हैं। ऐसे बहुत हैं - जो कभी मुरली भी नहीं सुनते, पत्र भी नहीं लिखते तो बाप क्या समझेंगे! मंजिल बहुत भारी है। बच्चों को टाइम बरबाद नहीं करना चाहिए। जो अपने को महारथी समझते हैं उन्हों को ऊंचे कार्य में मदद करनी चाहिए। तो बाप खुश होकर आफरीन देवे, इनसे बहुतों का कल्याण होगा। प्रदर्शनी में तो ढेर आते हैं। प्रजा तो बनती है, बाबा की सर्विसएबुल बच्चों में ऑख रहती है। इस इन्द्रसभा में आने चाहिए - सूर्यवंशी राजा रानी बनने वाले। जो सर्विस नहीं करते वह लायक नहीं। आगे चलकर सब पता पड़ेगा - कौन-कौन क्या बनेगा! बच्चों को बहुत नशा रहना चाहिए कि हम कल स्वर्ग में जाकर राजकुमार बनेंगे। यहाँ तुम आये हो राजयोग सीखने। अच्छी रीति नहीं पढ़ेंगे तो पद कम पायेंगे। बाबा के पास सर्विस का समाचार आना चाहिए। बाबा आज मैंने यह सर्विस की। पत्र ही कभी नहीं लिखते तो बाबा क्या समझे? मर गया। बाबा को भी याद वही बच्चे रहते हैं जो सर्विस में रहते हैं। बाप का परिचय देते रहते हैं। शिवबाबा ब्रह्मा द्वारा ब्रह्माकुमार कुमारियों को वर्सा देते हैं। शिवबाबा ब्रह्मा द्वारा ब्राह्मणों की रचना रचते हैं। अभी और सब धर्म हैं बाकी देवी-देवता धर्म जो फाउन्डेशन है, वह गुम है। यह सारा खेल बना हुआ है। सीढ़ी में सब धर्म हैं नहीं। इस कारण गोले पर समझाना पड़े, गोले में साफ है। यह भी समझाना है कि सतयुग में देवी-देवता डबल सिरताज थे। इस समय पवित्रता का ताज कोई को है नहीं। एक भी नहीं जिसको हम लाइट का ताज देवें। अपने को भी नहीं दे सकते। हम लाइट के लिए पुरुषार्थ कर रहे हैं। शरीर तो यहाँ पवित्र नहीं है। आत्मा योगबल से पवित्र होते-होते अन्त में पवित्र हो जायेगी। ताज तो मिलेगा सतयुग में। सतयुग में डबल ताज, भक्ति मार्ग में सिंगल ताज। यहाँ कोई ताज नहीं। अब तुमको सिर्फ प्योरिटी का ताज कहाँ दिखावें? लाइट कहाँ रखें? ज्ञानी तो बने हो परन्तु कम्पलीट पवित्र जब बनते हो तो लाइट होनी चाहिए। तो सूक्ष्म-वतन में लाइट दिखावें? जैसे मम्मा सूक्ष्मवतन में पवित्र फरिश्ता है ना। वहाँ सिंगल ताज है। परन्तु अब लाइट कैसे दिखावें? पवित्र होते हैं पिछाड़ी में। योग में जब बैठते हो तो वहाँ लाइट दिखावें? आज लाइट दो कल पतित बन जाए तो लाइट ही गुम हो जाती इसलिए अन्त में जब कर्मातीत अवस्था होगी तब लाइट हो सकती है। परन्तु तुम सम्पूर्ण बनते ही चले जायेंगे सूक्ष्म-वतन में। जैसे बुद्ध, क्राइस्ट को दिखाते हैं। पहले-पहले पवित्र आत्मा धर्म स्थापन करने आती है, उनको लाइट दे सकते हैं, ताज नहीं। तुम भी बाबा को याद करते-करते पवित्र बन जायेंगे। स्वदर्शन चक्र फिराते-फिराते तुम राजाई पद पायेंगे। वहाँ वजीर होते नहीं। यहाँ बहुतों से राय लेनी पड़ती है। वहाँ सब सतोप्रधान हैं। यह सब समझने की बातें हैं। *_अच्छा!_*

*_मीठे-मीठे सिकीलधे बच्चों प्रति मात-पिता बापदादा का याद-प्यार और गुडमॉर्निंग। रूहानी बाप की रूहानी बच्चों को नमस्ते।_*

*_धारणा के लिए मुख्य सार:-_*

1) बापदादा से आफरीन लेने के लिए बाप के ऊंचे कार्य में पूरा-पूरा मददगार बनना है। बाबा को अपनी सेवाओं का समाचार देना है।

2) देह-अभिमान में आकर कभी भी बेअदबी नहीं करनी है। उल्टे नशे में नहीं आना है। अपना समय बरबाद नहीं करना है। सर्विस की युक्तियाँ रचनी हैं, सर्विसएबुल बनना है।

*_वरदान:-_* सदा रहम और कल्याण की दृष्टि से विश्व की सेवा करने वाले विश्व परिवर्तक भव

विश्व परिवर्तक वा विश्व सेवाधारी आत्माओं का मुख्य लक्षण है - अपने रहम और कल्याण की दृष्टि द्वारा विश्व को सम्पन्न व सुखी बनाना। जो अप्राप्त वस्तु है, ईश्वरीय सुख, शान्ति और ज्ञान के धन से, सर्व शक्तियों से सर्व आत्माओं को भिखारी से अधिकारी बनाना। ऐसे सेवाधारी अपना हर सेकण्ड, बोल और कर्म, सम्बन्ध, सम्पर्क सेवा में ही लगाते हैं। उनके देखने, चलने, खाने सबमें सेवा समाई हुई रहती है।

*_स्लोगन:-_* मान, शान का त्याग कर अपने समय को बेहद सेवा में सफल करना ही परोपकारी बनना है।

*_ये अव्यक्त इशारे - ब्रह्मा बाप समान सम्पन्न और सम्पूर्ण स्थिति का अनुभव करो_*

अन्तिम सम्पूर्ण स्थिति को प्राप्त करने के लिए स्वयं को मेहमान समझकर चलो। जो अपने को मेहमान समझते हैं वह व्यक्त में होते हुए भी अव्यक्त स्थिति में रहते हैं, उनका किसके साथ भी लगाव नहीं होता है। हम इस शरीर में, इस पुरानी दुनिया में मेहमान हैं, सिर्फ थोड़े समय के लिए यह शरीर काम में लाना है।

🌞

05-11-2026        प्रात:मुरली    ओम् शान्ति     "बापदादा"        मधुबनमीठे बच्चे - तुम्हें साइलेन्स में रहकर एक बाप को य...
04/11/2026

05-11-2026 प्रात:मुरली ओम् शान्ति "बापदादा" मधुबन

मीठे बच्चे - तुम्हें साइलेन्स में रहकर एक बाप को याद करना है, इसमें घण्टे आदि बजाने की दरकार नहीं हैं“

प्रश्नः-
किस बात में बाप समान बनो तो सब काम सिद्ध हो जायेंगे?

उत्तर:-
जैसे बाप प्यार का सागर है वैसे बहुत-बहुत प्यारे बनो। क्रोध से काम बिगड़ता है, बनता नहीं इसलिए आंख दिखाना, जोर से बोलना, गर्म होना, इसकी दरकार नहीं है। शान्त रहना बहुत-बहुत अच्छा है। प्यार से बहुत काम सिद्ध हो सकते हैं।

गीत:-
तुम्हीं हो माता पिता.....

ओम् शान्ति।
यह महिमा है एक की। परन्तु भक्तिमार्ग में सिर्फ एक की महिमा गाने से भक्ति का शो नहीं होता इसलिए भक्ति में बहुतों की महिमा गाते हैं। वहाँ आवाज भी बहुत होता है। घण्टा-घड़ियाल, गीत-भजन, रोना-पीटना कितना भक्ति मार्ग में चलता है। किसम-किसम के आवाज मन्त्र-जन्त्र, स्तुति आदि होती है और ज्ञान मार्ग में है साइलेन्स। सिर्फ इशारा दिया जाता है, आवाज कुछ नहीं। भक्ति में कितनी धूमधाम है। सबसे जास्ती घण्टे बजते हैं शिव के मन्दिर में, जहाँ तहाँ देखो घण्टे ही घण्टे हैं। किसको नींद से जगाने के लिए कोई घण्टे नहीं बजाये जाते हैं। शिवबाबा ने आकर मनुष्यों को कुम्भकरण की अज्ञान नींद से जगाया है, परन्तु घण्टे नहीं बजाते। बिल्कुल शान्ति से दो अक्षरों में ही समझाते हैं। बुद्धिवान जो होते हैं वह दो अक्षर में ही समझ जाते हैं। बाप कहते हैं बच्चे - मुझे याद करो। तुमने ही मुझे बुलाया है हे पतित-पावन आओ। अब मैं आया हूँ तुमको राह बताता हूँ। क्या अब तक तुमको पतित बनकर इस दुनिया में ही रहना है! तुम तो पावन दुनिया में रहने चाहते हो ना। पावन दुनिया स्वर्ग को कहा जाता है। कहते ही हैं पतित-पावन, तो समझना चाहिए कि पतित-पावन क्या आकर करेगा? जरूर नर्क से स्वर्ग में ले जायेगा। बिना समझे ऐसे ही बुलाते रहते हैं, तालियाँ बजाते रहते हैं। परन्तु यह नहीं जानते कि बाप आयेगा तो क्या आकर करेगा? वास्तव में यह युनिवर्सिटी भी है मनुष्य से देवता बनने की। तब गाते हैं मनुष्य को देवता किये..... इसमें शास्त्र आदि कुछ भी पढ़ना नहीं है। भक्ति मार्ग में बहुत शास्त्र आदि पढ़ते हैं, ढेर लेक्चर आदि होते हैं। मास-मास मण्डप बनाकर बैठ आवाज़ करते हैं। यहाँ कितना शान्ति में बाप बैठ समझाते हैं। देखो, तुमको बाबा आकर पावन बनाए, पावन दुनिया का मालिक बनाते हैं। पढ़ाई भी कितनी सहज है। तुम पहले-पहले पावन थे, गोल्डन एज में थे। फिर 84 जन्म लेते-लेते आइरन एज में तमोप्रधान बन गये हो। अब तुमको सतोप्रधान बनना है इसलिए मुझे याद करो। सो भी अजपा। जैसे कन्या की जब शादी होती है तो क्या जाप करती है? याद में रहती है। तुम भी सब पत्नियाँ हो, यह शिवबाबा पतियों का पति है। तुम्हारी सगाई हुई है परमात्मा के साथ। सगाई जब हो गई तो बस याद बुद्धि में बैठ गई। खातिरी हो गई कि हमने सगाई कर ली। फिर एक दो को याद करते रहते हैं। तुमको भी बाप कहते हैं निश्चय बुद्धि हो गये कि हम एक बाप के बच्चे आपस में भाई-भाई हैं। भाइयों को वर्सा मिलता है - एक बाप से, इसलिए बाप को पुकारते हैं। भल मनुष्य तन में आकर भाई-बहन बन जाते हैं। परन्तु पुकारती आत्मा है ना। भाई-भाई पुकारते हैं हे पतित-पावन बाबा आओ। बाबा कहते हैं - मुझे याद करो तो तमोप्रधान से सतोप्रधान बन जायेंगे। पावन को सतोप्रधान, पतित को तमोप्रधान कहा जाता है। यह बातें बाबा संगम पर ही समझाते हैं। यह है गीता पाठशाला। इस पाठशाला में बाप आकर राजयोग सिखलाते हैं, नर से नारायण बनाते हैं। वहाँ टीचर तो सामने बैठ पढ़ाते हैं, दिखाई पड़ता है। यह है गुप्त। तो इस टीचर को भी बुद्धियोग से समझना पड़ता है। वह निराकार पतित-पावन बाप है। वही स्मृति दिलाते हैं कि कल्प पहले भी मैंने तुमको राजयोग सिखाया था। तब कहा जाता है मनमनाभव, पवित्र बनो तो यह लक्ष्मी-नारायण बन जायेंगे। इसमें घण्टा-घड़ियाल आदि बजाने की दरकार ही नहीं। बाप खुद आकर जगाते हैं। मनमनाभव का अर्थ है साइलेन्स। अपने को आत्मा निश्चय करो। बस! अब हमको अपने घर जाना है। बाप को ही सब कहते हैं कि हमको दु:ख से छुड़ाए मुक्त करो। संन्यासी लोग सिर्फ ब्रह्म को याद करते हैं। अब ब्रह्म तत्व तो है घर। वह घर को याद करेंगे, यहाँ बाप को याद करना है। सिर्फ घर को याद करेंगे तो जैसे संन्यासी हो जायेंगे। ब्रह्म तो भगवान है नहीं।

बाप बैठ समझाते हैं - मुझे याद करो तो तुम निर्वाणधाम में चले जायेंगे। फिर वहाँ से आयेंगे स्वर्ग में। यहाँ से मैं तुम बच्चों को साथ ले जाऊंगा। तुमको मालूम है टिड्डियों का झुण्ड कितना बड़ा होता है। सबकी युनिटी होती है। पहले आगे वाला बैठा तो सब बैठ जायेंगे। मधुमक्खियाँ भी ऐसी होती हैं। रानी ने घर छोड़ा तो सब भागेंगी उनके पिछाड़ी। वह जैसे उन्हों का साज़न हुआ। उनमें फिर सजनी ही राज्य करती है हमजिन्स पर। शास्त्रों में भी है आत्मायें सब मच्छरों सदृश्य भागती हैं। अनगिनत आत्मायें हैं। वह मक्खियाँ हर सीज़न में अपनी रानी के पीछे भागती हैं। तुमको तो एक बार भागना है। अब सब आत्माओं को जाना है मूलवतन। तुम्हारा आवाज़ कुछ भी नहीं इसलिए बाबा मिसाल देते हैं। सरसों के दाने मिसल पीसते हैं। बाबा भी बिन्दी, सरसों के दाने मिसल है। खस-खस का दाना भी छोटा होता है। परमात्मा भी बिन्दी है। उनको देखा भी नहीं जाता - दिव्य दृष्टि बिना। बिल्कुल छोटा स्टार मिसल है। गीता में दिखाया है अखण्ड ज्योति का साक्षात्कार हुआ, तो यहाँ भी जब अखण्ड ज्योति का साक्षात्कार हो तब समझेंगे साक्षात्कार हुआ। अगर बिन्दी का हुआ तो समझेंगे यह परमात्मा थोड़ेही है। गीता में तो लिखा हुआ है - अर्जुन को बहुत तेजोमय साक्षात्कार हुआ। भक्ति की बातें बुद्धि में बैठी हुई हैं। भक्ति मार्ग और ज्ञान मार्ग में रात दिन का फर्क है। तुम जानते हो हम 63 जन्म शरीर द्वारा कितना डाँस करते हैं। 63 जन्म कितना भक्ति मार्ग का हंगामा देखते हैं। उसमें भी पहले जब सतोप्रधान भक्ति थी तो एक शिवबाबा की भक्ति करते थे। फिर यह गंगा स्नान आदि बाद में शुरू होते हैं। पहले अव्यभिचारी भक्ति होती है फिर वृद्धि को पाते हैं। यहाँ तो एकदम साइलेन्स लगी पड़ी है। बगैर कौड़ी तुम विश्व के मालिक बनते हो। मम्मा बिना कौड़ी आई और विश्व महारानी बन गई। यह साधारण था। एकदम गरीब घर के बिना कौड़ी खर्चा देखो क्या बनते हैं। मम्मा फिर सर्विस बहुत करती थी। जाकर औरों को समझाती थी कि बाबा कहते हैं मुझे याद करो तो तुम्हारे विकर्म विनाश होंगे और तुम सतोप्रधान बन जायेंगे। इसमें खर्चे की तो कोई बात ही नहीं। अगर कोई थोड़ा खर्चा भी करते हैं तो अपने लिए। जैसे खेती में दो मुट्ठी अन्न की डालने से कितना ढेर अन्न निकलता है। खेती बड़ी हो जाती है। यह भी 21 जन्मों के लिए तुम्हारी कितनी आमदनी होती है। मनुष्य से देवता बनना कितना सहज है। एक सेकेण्ड की बात है। बैठे भी कैसे साधारण हैं। अगर कोई बैठ नहीं सकता है तो बाबा कहते हैं सो करके भी (लेट करके) मुरली सुनो। यह है धारणा की बात। अन्दर में बाबा और चक्र को याद करते रहो। याद करते-करते ही शरीर छोड़ना है। बाकी मुख में गंगा जल डालने की कोई बात नहीं है। गुरू गोसाई तो बहुत डरा देते हैं कि तुम यह नियम तोड़ेंगे, भक्ति नहीं करेंगे तो यह होगा। समझो कोई की टांग टूट पड़ती है वा नुकसान हुआ तो कहेंगे तुमने भक्ति छोड़ी है तब यह नतीजा निकला, तो डर जाते हैं। यहाँ तो कुछ भी करना नहीं है। बाबा की याद दिलानी है, चक्र का राज़ समझाना है। अभी कलियुग के बाद सतयुग आना है, विनाश होना है जरूर, इसलिए यह महाभारी लड़ाई खड़ी है। भगवान आकर राजयोग सिखाए नर से नारायण बनाते हैं। यह राजयोग है, प्रजा योग नहीं। शुभ बोलना चाहिए। बच्चों को बहुत मीठा बनना है। बाबा मीठा है ना। क्रोध आदि सब दान में ले लेते हैं। बाप कहते हैं - मैं प्यार का सागर हूँ, तुम भी बनो। बड़ा प्यार से समझाते हैं। नहीं तो बच्चे बहुत हंगामा करते हैं क्योंकि माया माथा खराब कर देती है, इसलिए ख्याल आता है कभी भी किसको कुछ कहें नहीं। प्यार से समझायें। आंख दिखाना, गर्म होना, जोर से बोलना, इसकी दरकार नहीं है, इससे काम बिगड़ता है। शान्त रहना अच्छा है। विकारों का दान देकर फिर लेते हैं तो अपना पद गंवाते हैं। बाबा का बने गोया 5 विकारों का दान दे दिया। कहते हैं दे दान तो छूटे ग्रहण। फिर भी बाप पण्डा है ना, पण्डे ब्राह्मण होते हैं। शिवबाबा भी रूहानी पण्डा है। तुम भी पण्डे हो। बाबा ब्रह्मा के तन में आते हैं तो यह भी ब्राह्मण ठहरा। बाबा इसमें बैठा है, उनकी महिमा गाते हैं तुम मात-पिता..... और किसकी यह महिमा नहीं। उनका कर्तव्य भी ऐसा है। यह पाठशाला है, बाप पढ़ाते हैं। यह बच्चों को याद रहना चाहिए। एम आब्जेक्ट है ही विश्व की बादशाही पाना। तो ऐसे पढ़ाने वाले को पूरी तरह याद करना चाहिए। स्कूल से स्टूडेन्ट अच्छा पास होते हैं तो साल-साल टीचर को सौगात भेजते रहते हैं। यह त्योहार आदि सब इस समय के हैं, परन्तु इनके महत्व को कोई जानता नहीं।

बाबा है नॉलेजफुल। वह आते ही हैं रचना के आदि-मध्य और अन्त की नॉलेज देने। ठिक्कर-भित्तर में कैसे आयेंगे? एक डॉक्टर ने सिद्ध किया था कि हर चीज़ में आत्मा है। परमात्मा नहीं कहा। फिर यह कह देते हैं - सर्वव्यापी। उन्होंने कहा सबमें आत्मा, तो संन्यासियों ने कहा सबमें परमात्मा। कितना रात-दिन का फ़र्क है। वह तो बेहद का बाप है। सबसे बुद्धियोग तुड़ाए अपने साथ जुड़ाते हैं। वह कहते आत्मा बुदबुदा सागर से निकला है, सागर में लीन हो जायेगा। ब्रह्म ज्ञानी समझते हैं - छोटी ज्योति बड़ी ज्योति में लीन हो जायेगी, फिर नई उत्पत्ति होती है। बाबा समझाते हैं यह भक्ति की भी ड्रामा में नूँध है। मैं भी ड्रामा की नूँध अनुसार तुम बच्चों को आकर समझाता हूँ। 84 जन्मों का जो चक्र लगाते हैं, यह भी ड्रामा में नूँध है। जो कुछ होता है सब नूँध है। कोई गायन भी करते हैं, कोई विघ्न भी डालते हैं।

तुम बच्चों को शिवबाबा से वर्सा लेना है। वह आते ही हैं सब आत्माओं को ले जाने के लिए। शरीर का नाम भी नहीं लेते। शरीर सहित थोड़ेही किसको भगाने आया हूँ। मुझे तो कहते हैं हे लिबरेटर आओ। हमको दु:ख से लिबरेट कर और जगह ले चलो। जहाँ चैन, सुख-शान्ति पायें। तो सबका शरीर यहाँ ही छुड़ाए आत्माओं को ले जाऊंगा। तो कालों का काल हुआ ना। मैं सबको इकट्ठा ले जाऊंगा। कितनी वन्डरफुल बातें बाप बैठ समझाते हैं। कहाँ कोई बात समझ में नहीं आती है तो बोलो यह बात बाबा ने अजुन समझाई नहीं है। जब समझायेंगे तब आपको सुनायेंगे। ऐसे अपने को छुड़ा देना चाहिए। बच्चे समझते हैं बाबा ज्ञान का सागर है। नई-नई बातें सुनाते रहते हैं। वर्ल्ड की हिस्ट्री-जॉग्राफी सुनाने वाला रचयिता बाप है, जो आदि-मध्य-अन्त का ज्ञान सुनाते हैं। तुम लाइट हाउस भी हो तो स्वदर्शन चक्रधारी भी हो। परन्तु माया भुला देती है। घुटका खाते हैं। कुछ न कुछ लैस आ जाती है। कर्मों का हिसाब-किताब है ना। जब तक कर्मातीत अवस्था नहीं बनी है तो कुछ न कुछ होता रहता है। हिसाब-किताब चुक्तू हुआ और शरीर छोड़ देंगे, लड़ाई शुरू हो जायेगी। अच्छा!

मीठे-मीठे सिकीलधे बच्चों प्रति मात-पिता बापदादा का याद-प्यार और गुडमॉर्निंग। रूहानी बाप की रूहानी बच्चों को नमस्ते।

धारणा के लिए मुख्य सार:-
1) विकारों का दान देकर वापिस नहीं लेना है। मुख से शुभ बोलना है, बहुत मीठा बनना है। बाप के समान प्यार का सागर बनकर रहना है।

2) साइलेन्स में रह बिना कौड़ी खर्चा विश्व की बादशाही लेनी है। बाप की याद में रह थोड़ा बहुत खर्चा कर 21 जन्मों की आमदनी करनी है।

वरदान:-
त्रिकालदर्शी स्थिति द्वारा माया के वार से सेफ रहने वाले अतीन्द्रिय सुख के अधिकारी भव

संगमयुग का विशेष वरदान वा ब्राह्मण जीवन की विशेषता है - अतीन्द्रिय सुख। यह अनुभव और किसी भी युग में नहीं होता। लेकिन इस सुख की अनुभूति के लिए त्रिकालदर्शी स्थिति द्वारा माया के वार से सेफ रहो। अगर बार-बार माया का वार होता रहेगा तो चाहते हुए भी अतीन्द्रिय सुख का अनुभव कर नहीं पायेंगे। जो अतीन्द्रिय सुख का अनुभव कर लेते हैं उन्हें इन्द्रियों का सुख आकर्षित कर नहीं सकता, नॉलेजफुल होने के कारण उनके सामने वह तुच्छ दिखाई देगा।

स्लोगन:-
कर्म और मन्सा दोनों सेवा का बैलेन्स हो तो शक्तिशाली वायुमण्डल बना सकेंगे।

ये अव्यक्त इशारे - ब्रह्मा बाप समान सम्पन्न और सम्पूर्ण स्थिति का अनुभव करो

जैसे हैं, जो भी परिस्थितियां सामने हैं, उन्हीं हालतों में रहते इस ही शरीर में हमको सम्पूर्ण बनना है, यह लक्ष्य रखो। आपका संगमयुगी सम्पूर्ण रूप शक्तियों और पाण्डवों के रूप में गाया हुआ है। जब इस स्वरूप में स्थित होंगे तब मालूम पड़ेगा कि हमारे भक्त कौन से हैं और प्रजा कौनसी है। जो प्रजा होगी वह नज़दीक आयेंगे और जो भक्त होंगे वह पिछाड़ी में चरणों पर झुकेंगे।

Address

Saharanpur
247001

Telephone

+918791939339

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Mera Shiv Baba posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share