23/05/2026
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ रैली के माध्यम से जागरूकता अभियान आयोजित
बहु अकबरपुर गाँव में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC) BA First द्वारा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य ग्रामीणों को बेटियों के सम्मान, शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
रैली को गाँव की सरपंच श्रीमती प्रवीन कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में पंचायत प्रतिनिधियों, स्कूल स्टाफ, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों तथा ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को बेटियों की शिक्षा, समान अधिकार, कन्या भ्रूण हत्या रोकने तथा समाज में बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।
रैली गाँव की विभिन्न गलियों और मुख्य मार्गों से होकर निकली, जिसमें प्रतिभागियों ने “बेटी है तो कल है”, “बेटी पढ़ेगी, देश बढ़ेगा” और “बेटियों का सम्मान, देश का अभिमान” जैसे जागरूकता संदेशों वाले नारे लगाए। इससे ग्रामीणों में सकारात्मक संदेश पहुँचा और लोगों ने बेटियों की शिक्षा एवं सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पंचायत सदस्य सरस्वती, स्कूल स्टाफ, HWC स्टाफ तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में सीएचओ आशु, एमपीएचडब्ल्यू अनिल कुमार, सुनीता रानी, आशा वर्कर अनीता, नरेश, रितु, निशा, पूजा, ममता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी को बेटियों को समान अवसर देने, उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।